झारखंड / एनालिसिस: भाजपा में सबसे ज्यादा 10 करोड़पति उम्मीदवार, कांग्रेस के केएन त्रिपाठी सबसे अमीर

रांची. झारखंड में 30 नवंबर को पहले चरण की 13 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा। भाजपा और झाविमो ने सभी सीटाें पर प्रत्याशी उतारे हैं। वहीं, इस चरण में कांग्रेस के 6, झामुमो के 4, राजद के 3 और आजसू के 3 उम्मीदवार चुनाव में किस्मत आजमा रहे हैं। मुख्य दलों के उम्मीदवारों के शपथ पत्र को देखें तो सबसे ज्यादा 10 करोड़पति भाजपा में हैं।


वहीं, डालटनगंज से चुनाव लड़ रहे कांग्रेस उम्मीदवार केएन त्रिपाठी सबसे अमीर हैं। उनके पास 53 करोड़ से अधिक की संपत्ति है। इसी तरह मनिका से चुनावी मैदान में उतरे झाविमो के राजपाल सिंह के पास सबसे कम संपत्ति है। सिंह के पास 8.71 लाख रुपए की संपत्ति है।


झाविमो के 7 और कांग्रेस के 5 प्रत्याशी कराेड़पति हैं। दागी प्रत्याशियों में सबसे ज्यादा झाविमो से चुनाव लड़ रहे हैं। झाविमो के 13 में से 5 उम्मीदवार दागी पर केस हैं। सबसे दागी उम्मीदवार भाजपा के पांकी प्रत्याशी शशिभूषण मेहता हैं। उन पर हत्या समेत 11 मामले दर्ज हैं। कांग्रेस सेे डालटनगंज के प्रत्याशी केएन त्रिपाठी पर 5 मामले दर्ज हैं


चतरा से भाजपा उम्मीदवार जनार्दन पासवान के पास तीन हथियार, पत्नी के नाम पर भी राइफल


पहले चरण में गठबंधन की एक भी महिला उम्मीदवार नहीं
गठबंधन में शामिल कांग्रेस, झामुमो और राजद ने पहले चरण के चुनाव में महिलाओं पर भरोसा नहीं किया है। तीनों ही दल ने एक भी महिला को प्रत्याशी नहीं बनाया। वहीं, भाजपा, झाविमो और आजसू ने एक-एक महिला को  चुनावी मैदान मे उतारा है। भाजपा ने छतरपुर से पुष्पा देवी को टिकट दिया है। झाविमो ने विश्रामपुर से अंजू देवी काे प्रत्याशी बनाया है और आजसू ने लोहरदगा से नीरू शांति भगत को मैदान में उतारा है।


भाजपा के 6 प्रत्याशियों के पास आर्म्स, झामुमो-आजसू के पास नहीं
आर्म्स रखने के मामले में भाजपा प्रत्याशी आगे हैं। 6 उम्मीदवारों के पास हथियार हैं। चतरा से भाजपा के उम्मीदवार जनार्दन पासवान के पास एक राइफल, एक बंदूक और एक रिवॉल्वर है। उनकी पत्नी भी राइफल रखती हैं। हुसैनाबाद से भाजपा समर्थित प्रत्याशी विनोद सिंह राइफल, डबल बैरल और एक पिस्टल रखते हैं। यहीं के राजद उम्मीदवार भी आर्म्स के शाैकीन हैं। उनके पास 1 राइफल, 1 रिवाल्वर और 1 बंदूक है।


भाजपा के पांकी प्रत्याशी पार्टी में सबसे अमीर, शिक्षित और दागी
भाजपा में सबसे अमीर, शिक्षित और दागी उम्मीदवार शशिभूषण मेहता हैं। शशिभूषण के पास करीब 26.84 करोड़ की संपत्ति है। वे पेशे से स्कूल संचालक हैं और उन्होंने पीएचडी किया है। उन पर हत्या समेत 11 केस हैं। वहीं, हुसैनाबाद से झाविमो के प्रत्याशी बीरेंद्र कुमार पर हत्या के लिए अपहरण तो लातेहार से अमन कुमार भोक्ता पर लेवी मांगने का आरोप है। राजद के संजय कुमार सिंह यादव पर हत्या का प्रयास का केस है।


दो पीएचडी, दाे एलएलबी व दो साक्षर लड़ रहे चुनाव
चुनावी मैदान में मुख्य दलों के दाे साक्षर, दो पीएचडी, दो एलएलबी भी किस्मत आजमा रहे हैं। भाजपा की छतरपुर प्रत्याशी पुष्पा देवी और भवनाथपुर से चुनाव लड़ रहे झाविमो के विजय कुमार केशरी ने शपथ पत्र के जरिये खुद को साक्षर बताया है। लोहरदगा से कांग्रेस उम्मीदवार रामेश्वर उरांव और पांकी से भाजपा के शशिभूषण मेहता पीएचडी हैं। रामेश्वर उरांव रिटायर्ड आईपीएस हैं। पांकी से झाविमो के रुद्र कुमार शुक्ला और डाल्टनगंज से कांग्रेस के केएन त्रिपाठी ने एलएलबी किया है।


झाविमो में युवा, भाजपा-कांग्रेस में उम्रदराज प्रत्याशी
सबसे अधिक युवा झाविमो और भाजपा-कांग्रेस में सबसे उम्रदराज प्रत्याशी हैं। झाविमो में 25 से 50 वर्ष आयु वर्ग के प्रत्याशी हैं। कांग्रेस में 30 से 78 और भाजपा में 29 से 72 वर्ष के प्रत्याशी हैं। सबसे युवा प्रत्याशी लातेहार से झाविमो के अमन कुमार भोक्ता (26) हैं। विश्रामपुर से कांग्रेस के चंद्रशेखर दुबे की उम्र 78 साल है। भाजपा के रामचंद्र चंद्रवंशी और कांग्रेस के रामेश्वर उरांव 72 साल के हैं। झाविमो के राजपाल सिंह 27 और भाजपा के आलोक चौरसिया की उम्र 29 वर्ष है।